संवाददाता@विशाल टंडन…..
— विशिष्ट स्टेडियम में एक दिवसीय मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का हुआ समापन

रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित विशिष्ट स्टेडियम में संत जेवियर्स स्कूल के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शनिवार देर शाम समापन हुआ। प्रतियोगिता में सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सोनभद्र की टीम का दबदबा रहा और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में सफलता हासिल की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल अधिकारी उदयभान रहे। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, मंडलीय सचिव राजवंश सिंह, तीनों जनपदों के क्रीड़ा सचिव, क्रीड़ा अधिकारी सोनभद्र समीम अहमद, आयोजनकर्ता एवं संत जेवियर्स स्कूल के प्रधानाचार्य आनंद कुमार जान, व्यायाम शिक्षक जगदंबा प्रसाद, तीरंदाजी संघ के जिला सचिव बलराम यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि मंडल अधिकारी उदयभान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता पैदा करते हैं। तीरंदाजी जैसे खेलों में धैर्य और एकाग्रता की विशेष आवश्यकता होती है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए।

खेलों के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। विभाग की ओर से प्रतिभावान खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाएगा। संत जेवियर्स स्कूल रॉबर्ट्सगंज के प्रधानाचार्य आनंद कुमार जान ने कहा कि विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि मंडलीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन करने का अवसर मिला।

ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानाचार्य आनंद कुमार जान, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, मंडलीय सचिव राजवंश सिंह एवं तीरंदाजी संघ के जिला सचिव बलराम यादव की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता की जानकारी विद्यालय के व्यायाम शिक्षक जगदंबा प्रसाद ने दी।







