मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन……
— लंबित भुगतानों के निस्तारण की मांग, समाधान न होने पर जिम्मेदारी से मुक्त करने की चेतावनी

जनपद सोनभद्र में शुक्रवार को प्रधान संघ विकासखंड चोपन के अध्यक्ष राम सजीवन यादव के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों/प्रशासकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायतों में लंबित भुगतानों का तत्काल समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम प्रधानों को प्रशासक बने लगभग ढाई माह हो चुके हैं, लेकिन पूर्व में कराए गए विकास कार्यों में लगे सामग्री आपूर्तिकर्ताओं, मजदूरों और मिस्त्रियों का भुगतान अब तक नहीं हो सका है।
अध्यक्ष राम सजीवन यादव ने बताया कि वर्तमान में भी हैंडपंप मरम्मत, सोलर वाटर पंप की मरम्मत, नालियों की सफाई सहित अन्य जनहित के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं, लेकिन भुगतान न होने के कारण उनके सामने आर्थिक एवं प्रशासनिक संकट उत्पन्न हो गया है। उनका कहना है कि भुगतान के संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से जानकारी लेने पर बताया गया कि जिला स्तर से भुगतान पर रोक लगी हुई है।

ज्ञापन में मांग की गई कि विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए, ताकि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित न हों। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रधान/प्रशासक अपने डिजिटल हस्ताक्षर (डोंगल) जमा कर ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने को विवश होंगे।

इस दौरान जमुअल के प्रधान राम नगीना, नेवारी की प्रधान बुड़की देवी, कनछ के प्रधान कन्हई, जुगैल की प्रधान सुनीता यादव, सेमिया की प्रधान शिम्पी, बड़गवा की प्रधान सुशीला देवी, घुरियां के प्रधान पकौड़ी, सिंदुरिया के प्रधान रामनगीना सहित बड़ी संख्या में प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









