@जे0 के0……
— यूपी-एमपी बॉर्डर पर पुल के ऊपर से बह रहा पानी, आवागमन प्रभावित

Sonbhadra । भारी बारिश के चलते शक्तिनगर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर बस्ती के पास यूपी-एमपी सीमा पर आवागमन प्रभावित हो गया। पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के कारण रास्ता पार कर रहे स्कूटी और ट्रैक्टर सवार लोग हादसे की जद में आ गए। पानी के तेज बहाव में एक स्कूटी बह गई, जबकि युवक ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया गया कि बारिश के दौरान नाले और पहाड़ी क्षेत्र से पानी आने के कारण पुल पर पानी का वेग अचानक बढ़ गया। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक तेज बहाव के बीच पुल पार करने का प्रयास कर रहा था। पानी का दबाव बढ़ने पर स्कूटी बह गई और युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।

वहीं, पुल से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक ने पानी के तेज बहाव को देखते हुए बीच में ही ट्रैक्टर रोक दिया। ट्रैक्टर पर बैठे लोगों की सांसें थम गईं। पुल के दोनों किनारों पर मौजूद लोगों ने भी उन्हें आगे न बढ़ने और सुरक्षित रहने के लिए आवाज लगाई। घटना के बाद पुल पर आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान पहाड़ी और नाले से अचानक पानी आने के कारण इस मार्ग पर पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है। ऐसे में पुल के ऊपर पानी होने पर आवागमन करना जानलेवा साबित हो सकता है।








