संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….

बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बबनडीहा गांव के समीप तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार कई बार पलटी, लेकिन उसमें सवार केनरा बैंक के मैनेजर समेत तीनों कर्मचारी सुरक्षित बच निकले। उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार रेणुकूट से रजमिलान स्थित केनरा बैंक शाखा की ओर जा रही थी। रास्ते में एक ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे के समय कार में केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, अमित कुमार और गौरव यादव सवार थे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला।
दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
इस हादसे ने एक बार फिर बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर सुरक्षित वाहन संचालन और ओवरटेकिंग के दौरान सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।







