संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी……

विकास खंड चोपन की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और पूर्व में कराए गए कार्यों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर गुरु केवार को प्रधान संघ की अध्यक्षता में ब्लाक के सभाकक्ष में ग्राम प्रधान प्रशासकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भुगतान लंबित रहने से विकास कार्य प्रभावित होने और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रधान प्रशासकों ने बताया कि हैंडपंप मरम्मत, सोलर वाटर पम्प की मरम्मत, नालियों की सफाई, मिस्त्रियों और मजदूरों के भुगतान समेत कई आवश्यक कार्य भुगतान के अभाव में बाधित हैं। इसका सीधा असर ग्रामीणों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं पर पड़ रहा है।

बैठक में मौजूद प्रधानों ने कहा कि ग्राम प्रधानों को प्रशासक का दायित्व संभाले लगभग दो माह हो चुके हैं, लेकिन अब तक पूर्व में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो सका है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से वार्ता करने पर उन्होंने भुगतान जिला स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 अगस्त को सभी ग्राम प्रधान जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और ग्राम पंचायतों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएंगे। प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी भुगतान की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी प्रधान प्रशासक सामूहिक रूप से अपना डोंगल प्रशासन को सौंप देंगे।

प्रधानों का कहना है कि भुगतान बाधित रहने से ग्राम पंचायतों में आवश्यक विकास कार्य ठप पड़ रहे हैं और जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कर ग्रामीण हित में विकास कार्यों को गति देने की मांग की। उपस्थित प्रधान राम सजीवन यादव, तारा देवी, पकौड़ी, सुमन , राम नगीना, कन्हाई, सुनीता देवी, अखिलेश, लगभग दो दर्जन प्रधान मौजूद रहे








