मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन….

रॉबर्ट्सगंज नगर से घुवास कला, पिपरी महुआव होते हुए सोनवारे जाने वाले मार्ग पर पलिया माइनर के पास बनी पुलिया लंबे समय से बीचों-बीच क्षतिग्रस्त है। पुलिया की हालत इतनी खराब है कि इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोग इस स्थान को माइनर तिराहा भी कहते हैं।


ग्रामीण केशव यादव ने बताया कि पुलिया काफी समय से टूटी हुई है। दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। दिनेश कुमार ने बताया कि रात में पुलिया की क्षतिग्रस्त स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार लोग दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच चुके हैं।

यह मार्ग आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ ही स्कूली बसों के आवागमन के लिए भी इस्तेमाल होता है। सुनील कुमार ने बताया कि यदि पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तो आवागमन बंद हो सकता है। वर्तमान में राबर्ट्सगंज पहुंचने में करीब चार-पांच किलोमीटर लगते हैं, जबकि बड़ी नहर होकर जाने पर दूरी 12 से 14 किलोमीटर तक बढ़ जाएगी।

ग्रामीण रियासत अली, विकास, सद्दाम समेत अन्य लोगों ने पुलिया की शीघ्र मरम्मत या पुनर्निर्माण तथा तब तक संकेतक और प्रकाश की व्यवस्था कराने की मांग की है।
