@जे0 के0…..

Sonbhadra। जिले के सरईगढ़ गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मामला एक मासूम छात्रा की अपील के बाद चर्चा में आ गया है। ग्राम सरईगढ़ निवासी आनवी पटेल, पुत्री विकास पटेल, ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से गांव में मोबाइल नेटवर्क की व्यवस्था बेहतर कराने की गुहार लगाई है।
आनवी हेलो किड्स विद्यालय, धर्मशाला रॉबर्ट्सगंज की छात्रा है। उसका कहना है कि गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण वह बाहर रहकर काम करने वाले अपने पिता से फोन पर बात नहीं कर पाती। पिता से बातचीत नहीं हो पाने की परेशानी को लेकर उसने डीएम से गांव में मोबाइल टावर लगवाने की अपील की।

मासूम की अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या को लेकर चर्चा शुरू हो गई। ग्रामीणों के अनुसार सरईगढ़ में नेटवर्क कमजोर होने के कारण फोन पर बातचीत के साथ इंटरनेट आधारित जरूरी काम भी प्रभावित होते हैं।
नेटवर्क की समस्या से ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न ऑनलाइन सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में परिजनों या जरूरी सेवाओं से तत्काल संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित दूरसंचार कंपनियों से क्षेत्र का सर्वे कराकर मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने तथा आवश्यकतानुसार टावर स्थापित कराने की मांग की है। आनवी की छोटी-सी अपील ने गांव की बड़ी कनेक्टिविटी समस्या को सामने ला दिया है।