संवाददाता@ख्वाजा खान…..
— बभनी के घघरी में सड़क मरम्मत कार्य के दौरान हादसा, ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

बभनी क्षेत्र के घघरी ग्राम पंचायत में ठेकेदारी व्यवस्था के तहत कराए जा रहे सड़क मरम्मत एवं पेंटिंग कार्य के दौरान गुरुवार को करंट की चपेट में आने से रोलर चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की पहचान मनोज के रूप में बताई जा रही है। वह रोलर चालक के रूप में कार्य कर रहा था। बताया गया कि सड़क मरम्मत कार्य के लिए रोलर को ट्रक पर लादकर कार्यस्थल तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रोलर की ऊंचाई अधिक होने के कारण ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तार नीचे झुके होने के कारण चालक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों की आवाजाही और बिजली लाइनों को लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते तो हादसा टाला जा सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से घटना की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।