संवाददाता@विशाल टंडन……
— मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा व श्री रानी सती दादी भक्त मंडल का आयोजन, महिलाओं की प्रतिभा ने जीता दिल

मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा एवं श्री रानी सती दादी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पन्नूगंज रोड स्थित श्री श्याम पैलेस में “सखियों री तीज… तीज का त्योहार सखियों के नाम” थीम पर भव्य तीज मेले का आयोजन किया गया। मेले में संस्कृति, स्वाद, कला और महिला सशक्तिकरण का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आभा शुक्ला एवं मिर्जापुर की डीएफओ आरुषि मिश्रा ने श्री रानी सती दादी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
इसके बाद आयोजकों ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। मेले में महिलाओं द्वारा गोलगप्पे, चाट, चाउमीन, आइसक्रीम, बर्गर, पिज्जा सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। वहीं हस्तनिर्मित उत्पाद, सौंदर्य प्रसाधन और आकर्षक राखियों की दुकानों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की और व्यंजनों का स्वाद भी लिया।

महिलाओं और बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संचालन चित्रा जालान, मीरा जालान, पूनम खेतान एवं पूनम केडिया ने किया। विशिष्ट अतिथि आरुषि मिश्रा ने कहा कि सोनभद्र जितना प्राकृतिक रूप से सुंदर है, उतना ही सुंदर यह आयोजन भी रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं तथा यह सिद्ध करते हैं कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में श्री रानी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष अनीता थर्ड एवं मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सांवरिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि तीज मेले का उद्देश्य महिलाओं को अपनी कला, हुनर और उद्यमिता को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर रितु जालान, अनीता केजरीवाल, सुनीता सर्राफ, प्रतिभा कनोडिया, प्रभा बांका सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।






