संवाददाता@विशाल टंडन…….
–“एक जनपद एक व्यंजन” योजना के तहत ऋण पर मिलेगी सब्सिडी, छोटे-बड़े कारोबारियों को होगा फायदा

जनपद के स्थानीय उत्पाद गुलाब जामुन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओसी) वित्तपोषण सहायता योजना के तहत वित्तीय सहयोग देने की पहल की है। योजना के अंतर्गत गुलाब जामुन से संबंधित उद्योगों, कारीगरों और उद्यमियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य स्थानीय उत्पाद आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है।
उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि 25 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर परियोजना लागत का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये तक मार्जिन मनी सब्सिडी दी जाएगी। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांगजन लाभार्थियों को पांच प्रतिशत अंशदान देना होगा।
आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं है। रॉबर्ट्सगंज नगर के मिठाई व्यवसाय सुनील कुमार का इस योजना को लेकर कहना है कि “सरकार की इस योजना से छोटे कारीगरों और मिठाई कारोबारियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। आर्थिक दिक्कतों के कारण कई लोग कारोबार को आगे नहीं बढ़ा पाते थे, लेकिन सब्सिडी और बैंक ऋण की सुविधा से वे अपने काम को बढ़ा सकेंगे।
सोनभद्र का गुलाब जामुन अब जिले की पहचान बन रहा है। इसके लिए हम सरकार का धन्यवाद करते हैं और उम्मीद करते हैं कि आगे भी कारोबारियों को इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा।” उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा की “गुलाब जामुन को ओडीओपी में शामिल किए जाने से सोनभद्र के व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

इस योजना से छोटे दुकानदारों, कारीगरों और बड़े उद्यमियों को अपनी इकाई स्थापित करने और विस्तार करने में मदद मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सोनभद्र के गुलाब जामुन को प्रदेश और देश में अलग पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।” उन्होंने सुझाव दिया कि गुलाब जामुन को रेलवे स्टेशन,बस स्टेशन पर स्टाल एवं ऑनलाइन के माध्यम से और अधिक प्रचार प्रसार की आवश्यकता है साथ ही इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्यशाला का भी आयोजन करना चाहिए।

उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने कहा की “ओडीओसी वित्तपोषण सहायता योजना का उद्देश्य सोनभद्र के स्थानीय उत्पाद गुलाब जामुन से जुड़े छोटे, मध्यम और बड़े कारोबारियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उद्योगों को बढ़ावा देना है।
योजना के माध्यम से नए उद्यम स्थापित करने के साथ ही संचालित इकाइयों का विस्तार भी किया जा सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा गुलाब जामुन को सोनभद्र की विशिष्ट पहचान के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी।”





