संवाददाता@उमेश सिंह…
— संविदाकार समिति ने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग की

अनपरा आदर्श नगर पंचायत के संविदाकारों की समिति ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर लोगों पर नगर पंचायत की छवि धूमिल करने और अधिकारियों के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाकर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है।समिति ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अनुसार नगर पंचायत में विकास कार्य नियमित रूप से कराए जा रहे हैं।ठेकेदारों के भुगतान में यदि कभी देरी होती है तो उसका कारण शासन स्तर से धनराशि का विलंब से प्राप्त होना है।
धनराशि उपलब्ध होते ही सभी लंबित भुगतान कर दिए जाते हैं।पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग नगर पंचायत, अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों की छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं।समिति का कहना है कि इससे विकास कार्यों और नगर पंचायत की प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
23 जुलाई 2026 को हुई पीयूष सिंह की आत्महत्या की घटना का भी उल्लेख किया है।पत्र में दावा किया गया है कि कुछ माध्यमों में पीयूष सिंह को नगर पंचायत का ठेकेदार बताया गया, जबकि समिति के अनुसार वह नगर पंचायत के पंजीकृत ठेकेदार नहीं थे और उनका कोई भुगतान भी नगर पंचायत पर बकाया नहीं था।

संविदाकार समिति ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों के कॉल रिकॉर्ड की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।साथ ही समिति ने निर्दोष अधिकारियों और कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने का भी अनुरोध किया है।





