संवाददाता@ख्वाजा खान……

बभनी थाना क्षेत्र में दर्ज लूटकांड के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रत्येक पर ₹25-25 हजार का पुरस्कार घोषित किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार बभनी थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 158/2026, धारा 309(6) एवं 317(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत लूट प्रकरण में थाना पुलिस ने पहले ही घटना का सफल अनावरण करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना के दौरान एकत्र साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जो अभी तक गिरफ्तारी से बचते हुए फरार हैं।

इनाम घोषित आरोपियों में पंकज साह पुत्र पुरुषोत्तम दास निवासी धूरीताल पश्चिम, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) तथा संजय साकेत पुत्र लालजी साकेत निवासी कनई, थाना बरगवां, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोनों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पर ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित किया है।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन वांछित आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना प्राप्त हो तो वह निकटतम पुलिस थाना अथवा सोनभद्र पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





