मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सोनभद्र के कार्यवाहक प्राचार्य पद पर शासन स्तर से बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-3 की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के तहत आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा के बायोकेमिस्ट्री विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. आइजेन भट्टाचार्य को सोनभद्र मेडिकल कॉलेज का कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

डॉ. आइजेन भट्टाचार्य ने एमबीबीएस के साथ बायोकेमिस्ट्री में एमडी की शिक्षा प्राप्त की है। चिकित्सा शिक्षा एवं बायोकेमिस्ट्री के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है। वह इससे पहले भी विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा में बायोकेमिस्ट्री विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

शासनादेश के अनुसार कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद नई व्यवस्था लागू की गई है। उनके बाद प्राचार्य की जिम्मेदारी डॉ. आनंद कुमार को सौंपी गई थी। अब शासन के नए आदेश के तहत डॉ. आनंद कुमार के स्थान पर डॉ. आइजेन भट्टाचार्य को कार्यवाहक प्राचार्य बनाया गया है।

उनकी तैनाती अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगी। डॉ. भट्टाचार्य मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संचालन से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करेंगे। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार के एवज में उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा। हालांकि अभी तक डॉ. आइजेन भट्टाचार्य ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है लेकिन जल्दी ही उनके कार्यभार ग्रहण करने की संभावना है।
