संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

दुद्धी से स्थानांतरित होकर आए राम विशाल चौरसिया, विकास कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की कही बात
म्योरपुर (सोनभद्र): म्योरपुर विकासखंड को नया खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मिल गया है। दुद्धी विकासखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत रहे राम विशाल चौरसिया ने शनिवार को म्योरपुर ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विकासखंड में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
नए बीडीओ राम विशाल चौरसिया ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विकासखंड में संचालित सभी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
नए बीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों से विकासखंड में चल रही योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और कार्यों में तेजी लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनता से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराने और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी की जाएगी।






