संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय….

नगर में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को चोपन कस्बे में पुलिस चौकी का पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधि-विधान से लोकार्पण किया। चौकी के सक्रिय होने के बाद क्षेत्र में गश्त, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई गई।

हालांकि, चौकी के लोकार्पण के कुछ ही घंटे बाद नगर के प्राचीन काली मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि शुक्रवार की रात चोर मंदिर से काली माता का चांदी का मुकुट और छत्र चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चोपन नगर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में नई पुलिस चौकी शुरू होने के बावजूद धार्मिक स्थल में चोरी की घटना से लोगों की सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। लोगों ने धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रात के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि काली मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मंदिर परिसर में लगे समरसेबल के तार भी चोरी हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि पूर्व की घटना के बाद भी मंदिर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था पर्याप्त रूप से मजबूत नहीं की गई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से घटना की जांच कर चोरों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।