मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर किसानों ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने की। धरने के बाद किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

धरने को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष रामजी मौर्य ने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक दलों को किसान और किसान हित याद आते हैं, लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद किसानों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।

प्रदेश मंत्री अखिलेश सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसके बावजूद कृषि क्षेत्र के प्रति सरकार का उदासीन रवैया स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने किसान हित में प्रभावी कृषि नीति बनाए जाने की आवश्यकता बताई। प्रांतीय मंत्री सदानंद मौर्य ने किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार की ओर से सहयोग कर वार्षिक राशि बढ़ाकर 12 हजार रुपये किए जाने की मांग रखी।

जिला प्रवक्ता ज्योति जंग सिंह ने विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण में वर्ष 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों का पालन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का संरेखण इस प्रकार बदला जाए, जिससे कृषि योग्य त्रिफसली भूमि को बचाया जा सके। जरगो बांध के आगे मार्ग को नौगढ़ बांध, भैंसौड़ा और विजयगढ़ किले के पास से निकालने का सुझाव भी दिया गया। किसानों ने औद्योगिक निवेश वाली भूमि के मुआवजे का निर्धारण औद्योगिक मूल्य के आधार पर करने तथा भूमि अधिग्रहण में आरआर रूल्स का पालन करने की मांग की।

जिलामंत्री प्रभुपाल मौर्य ने समितियों पर उर्वरक की कालाबाजारी रोकने, समय से खाद उपलब्ध कराने तथा खतौनी में अंश निर्धारण का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की, ताकि फार्मर रजिस्ट्री में आ रही दिक्कत दूर हो सके। घोरावल ब्लॉक अध्यक्ष रामबिलास मौर्य ने ग्रामीण क्षेत्रों को अघोषित विद्युत कटौती से मुक्त करने की मांग उठाई। अन्य वक्ताओं ने टमाटर, मिर्च, सिंचाई और कृषि उपज के विपणन से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया।

समापन पर जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने किसानों का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक किसानों को भारतीय किसान संघ से जोड़ने का आह्वान किया। इस दौरान मनोज कुशवाहा, अमित जायसवाल, अमित सिंह, दिलीप सिंह, दिनेश सिंह, दयाराम मौर्य, मनोरमा देवी, आभा देवी, पवन कुमार, सुरेंद्र, शंभू सिंह, विनोद मौर्य, फिरोज खान, छोटेलाल मौर्य, रामाशीष प्रधान समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
