संवाददाता@विशाल टंडन…..
— संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में होगी 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता

विन्ध्याचल मंडल को 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता का आयोजन नगर स्थित संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रस्तावित है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बुधवार को विद्यालय परिसर में जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर विचार-विमर्श किया गया।

बताया गया कि प्रतियोगिता अगस्त माह के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित थी। विद्यालय के प्रधानाचार्य आनन्द कुमार जॉन के अनुरोध पर तिथि में परिवर्तन के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक को पत्र भेजा गया है। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन स्थल, खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए आवासीय व्यवस्था, पुरस्कार वितरण तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मंडलीय खेल सचिव राजवन सिंह, सोनभद्र के जिला खेल सचिव सुनील कुमार राव, मिर्जापुर के सतीश कुमार सिंह और भदोही के राहुल सिंह के अलावा प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार सिंह, संतोष कुमार, वंदना सिंह तथा विद्यालय के व्यायाम शिक्षक जगदंबा प्रसाद मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया।





