Last Updated:
मनीष की उपलब्धियां सिर्फ एक गोल्ड तक सीमित नही हैं. उन्होंने बताया कि अब तक वह विभिन्न प्रतियोगिताओं में 8 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं. उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करना है, ताकि आने वाले समय में बिहार के साथ-साथ देश का भी नाम रोशन कर सकें.
बेगूसराय: बहुत से युवा नौकरी की जगह खेलकूद में अपना करियर बनाना चाहते हैं. ऐसे युवाओं को कई बार समझ नहीं आता कि खेलकूद में करियर बनाने का रास्ता क्या होगा. ऐसे में आज लोकल 18 पर आपको शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले बेगूसराय के मनीष के संघर्ष और सफलता की कहानी बताने जा रहे हैं. मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास करते हुए मनीष बेगूसराय से मुंगेर पहुंचे और तैयारी की. इन्होंने 36वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर शूटिंग जैसे खेल में राज्य और जिले को नई पहचान दिलाई. बेगूसराय लौटने के बाद मनीष ने लोकल 18 से खास बातचीत में अपनी तैयारी, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं को साझा किया.
50 मीटर राइफल स्पर्धा में जीता गोल्ड
मनीष कुमार ने लोकल 18 पर बताया कि 36वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से बिक्रम (पटना) स्थित साकेत सिंह शूटिंग एकेडमी की इंडोर रेंज में किया गया था. उन्होंने 50 मीटर राइफल स्पर्धा में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इन्होंने बताया इस बार उनकी तैयारी पूरी तरह से मुकम्मल नहीं थी. इसके बावजूद उन्होंने गोल्ड जीतने में सफलता हासिल की. उन्होंने कहा कि अगर तैयारी और बेहतर होती तो वह अन्य स्पर्धाओं में भी पदक जीत सकते थे. फिलहाल वह इस उपलब्धि से खुश हैं और अगले साल होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए अभी से तैयारी शुरू करने की योजना बना रहे हैं.
रोज 4 से 5 घंटे करते हैं अभ्यास
मनीष फिलहाल मुंगेर राइफल एसोसिएशन से जुड़े हैं. इन्होंने बताया इनके गृह जिले बेगूसराय में राइफल एसोसिएशन है ही नहीं. रोज मुंगेर जाकर प्रतियोगिता से पहले वह रोजाना 4 से 5 घंटे तक रेंज पर अभ्यास करते थे. शूटिंग में लगातार अभ्यास, मानसिक एकाग्रता और धैर्य सबसे महत्वपूर्ण होता है. यही कारण है कि नियमित मेहनत का परिणाम उन्हें गोल्ड मेडल के रूप में मिला.
अब तक जीत चुके हैं 8 गोल्ड
मनीष की उपलब्धियां सिर्फ एक गोल्ड तक सीमित नही हैं. उन्होंने बताया कि अब तक वह विभिन्न प्रतियोगिताओं में 8 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं. उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करना है, ताकि आने वाले समय में बिहार के साथ-साथ देश का भी नाम रोशन कर सकें.
नए खिलाड़ियों को दिया खास संदेश
शूटिंग के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए मनीष ने खास संदेश दिया. उन्होंने कहा कि इस खेल में सफलता पाने के लिए सबसे पहले अनुशासन जरूरी है. इसके साथ ही जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव, नियमित अभ्यास, धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद आवश्यक है. अगर खिलाड़ी पूरी ईमानदारी से मेहनत करें तो सफलता जरूर मिलती है. बता दें कि बेगूसराय में शूटिंग खेल को लेकर पहले ज्यादा जागरूकता नहीं थी, लेकिन मनीष कुमार की उपलब्धियों ने जिले के युवाओं के बीच इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाई है. आज इनकी चर्चा जिले में होती है.
About the Author

जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें






