@जे0 के0……
— जनपद के 14 गांवो समेत अन्य जगहों पर लगेंगे मोबाइल टावर, जल्द शुरू होगा निर्माणकार्य

Sonbhadra । जिले के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन गांवों के लोगों को जल्द ही मोबाइल नेटवर्क की समस्या से राहत मिलने वाली है। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की पहल पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के 14 गांवों में 4जी मोबाइल टॉवर स्थापित करेगा। टॉवर लगने से न केवल इन गांवों, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को भी बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवा का लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आज भी कई गांव मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। कई स्थानों पर लोगों को फोन करने के लिए ऊंची पहाड़ियों या खुले स्थानों का सहारा लेना पड़ता है, जबकि इंटरनेट सेवा भी बाधित रहती है। इसका सीधा असर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन सहायता और सरकारी योजनाओं के लाभ पर पड़ता है।

उन्होंने बताया कि बीएसएनएल अधिकारियों के साथ बैठक कर नेटवर्क विहीन क्षेत्रों की पहचान की गई है और प्राथमिकता के आधार पर वहां 4जी टॉवर लगाने का निर्णय लिया गया है। प्रथम चरण में रॉबर्ट्सगंज तहसील के नगवां, दरमा, मड़कुरी और सांडसोत, घोरावल तहसील के ढोलो, सपही, अमिलीपोखर, मूर्तिया और देवगढ़, तथा दुद्धी तहसील के डूमा, जौराही, गंगहर, शिशवा और पतखिरना गांवों में बीएसएनएल के 4जी टॉवर स्थापित किए जाएंगे। टॉवर स्थापना का कार्य जल्द शुरू होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि पहले चरण के बाद दूसरे चरण की भी तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके तहत दुद्धी तहसील के सोढ़ो, बिच्छी, कोटा और जोरकहू तथा ओबरा तहसील के पकरी, झरिया, कंधौरा, भरमहोरी, कनेहरा और बैरपुर गांवों में भी मोबाइल टॉवर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इसके अलावा जुगैल क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए पिपरा, गरदा और जोरावना में भी जल्द मोबाइल टॉवर लगाए जाने की तैयारी चल रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ ऑनलाइन सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।






