संवाददाता@विजय अग्रहरी……
— कोरोना के दौरान हुई पिता की मौत, मां ने संघर्ष के कठिन दौर में बेटे को पढ़ाया

मेडिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित नीट 2026 की प्रवेश परीक्षा में घोरावल के अजय पटेल ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 3187 वीं रैंक प्राप्त किया है।इन्होंने नीट परीक्षा 2026 में 720 में 632 अंक प्राप्त किया है।
घोरावल नगर पंचायत के महावीर कॉलोनी वार्ड नंबर 8 निवासी अजय के पिता स्वर्गीय डॉ. जय सिंह बीएएमएस चिकित्सक थे और डिस्पेंसरी संचालित करते थे। कोरोना महामारी के दौर में सन 2020 में उनकी मौत के बाद बेटे अजय और बेटी आकांक्षा को मां बेगमती ने संभाला और कठिन परिस्थितियों में गांव की खेती बंटाई पर कराकर बच्चों को पढ़ा रही हैं।

शनिवार को प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह, अधिवक्ता अरुण त्रिपाठी और प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय मिश्रा द्वारा अजय को अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह प्रदान कर और मिठाई खिला कर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अजय पढ़ने में मेधावी थे। उन्होंने हाई स्कूल में 91% और इंटर में 86% अंक प्राप्त किया।

बगैर किसी कोचिंग के उन्होंने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल किया है। उन्होंने माता पिता को अपना प्रेरणा श्रोत और आदर्श बताया।इस मौके पर संतोष पाठक, अरुण तिवारी, डॉ. श्रीश उपाध्याय, अरुण तिवारी, मनोज तिवारी, दिलीप विश्वकर्मा, प्रशांत सिंह, गोपाल, गोविंद पाल इत्यादि मौजूद रहे।





