संवाददाता@विशाल टंडन…..
— 20 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, बेरोजगार युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर

जिला सेवायोजन कार्यालय, सोनभद्र की ओर से जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, खुशबू बाग नर्सरी रोड (जिला अस्पताल के सामने), लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज परिसर में आयोजित होगा। रोजगार मेले में लगभग नौ निजी कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रतिभाग करेंगी।

इनमें डीसेट्स के माध्यम से प्रणव विकास इंडिया प्रा.लि. (पुणे), मुशाशी ऑटो पार्ट इंडिया प्रा.लि. (बेंगलुरु), माहेल आनंद फिल्टर सिस्टम प्रा.लि. (गुरुग्राम) के अलावा फ्लिपकार्ट, पेटीएम, सीपेट वाराणसी, कैस्पर माइक्रो क्रेडिट, सुलेरा इंडस्ट्रीज तथा वज्र एलईडी सोल्यूशन प्रा.लि. शामिल हैं। मेले में शामिल होने वाले योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा मौके पर ही लिया जाएगा।

जिला सेवायोजन कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है तथा इसमें भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभ्यर्थियों को यात्रा व्यय भी देय नहीं होगा। कार्यालय ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने आवश्यक शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं बायोडाटा के साथ पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।





