@जे0 के0……

Sonbhadra। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को एक युवक ने कथित तौर पर एकतरफा प्रेम में असफल होने के बाद आत्मदाह का प्रयास किया। डीएम कार्यालय पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से उसे समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपने शरीर पर डीजल डालकर डीएम कार्यालय के सामने पहुंचा और आग लगाने की तैयारी कर रहा था। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे पकड़ लिया तथा उसके पास मौजूद ज्वलनशील पदार्थ को हटाकर स्थिति नियंत्रित कर ली।

सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद कुछ देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान गाजीपुर निवासी आशीष लाल यादव पुत्र हरिदार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह घोरावल विकासखंड में कार्यरत एक युवती से प्रेम करता है और उससे दूरी बनाए जाने के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया।

क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक मानसिक रूप से व्यथित प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा युवक के दावों की सत्यता की पुष्टि के लिए संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






