संवाददाता@मनीष कुमार……

दुद्धी स्थित भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय प्रशासन ने बीए एवं बीएससी प्रथम वर्ष प्रवेश के लिए वरिष्ठता क्रम की दूसरी सूची सोमवार को सूचना पट्ट पर प्रदर्शित कर दी। महाविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 16 से 18 जुलाई 2026 तक प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच संबंधित साक्षात्कार समिति के समक्ष उपस्थित होकर अपने मूल अभिलेख एवं उनकी एक-एक स्वप्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी।
प्रवेश प्रक्रिया के लिए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिकाएं, स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी), चरित्र प्रमाणपत्र (सीसी), जाति एवं निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, प्रवेश प्रपत्र तथा समर्थन पोर्टल का प्रपत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। निर्धारित अवधि में अभिलेखों का सत्यापन पूर्ण होने के बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

महाविद्यालय प्रशासन ने अनुसूचित जाति वर्ग के उन अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष सूचना जारी की है, जो बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक हैं। ऐसे छात्र-छात्राएं, चाहे उन्होंने आवेदन पत्र भरा हो अथवा नहीं, तत्काल प्रवेश समिति से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर सकते हैं।
प्रभारी प्राचार्य राजेश भारती ने अभ्यर्थियों से समयबद्ध ढंग से उपस्थित होकर समस्त दस्तावेज जमा करने की अपील की है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। महाविद्यालय प्रशासन ने अधिक जानकारी के लिए छात्रों को सीधे कॉलेज कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी है।





