@जे0 के0……
— कथित अवैध बोल्डर ढुलाई से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका

Sonbhadra। कनहर बांध के निचले क्षेत्र में इन दिनों ट्रैक्टरों के माध्यम से कथित रूप से बोल्डर ढुलाई किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं की अनदेखी करते हुए कराया जा रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचने की आशंका है।
मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए बोल्डर का परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह कार्य किसी सरकारी योजना अथवा परियोजना के अंतर्गत हो रहा है, तो इससे संबंधित स्वीकृति, निविदा, कार्यादेश तथा परिवहन अनुमति से जुड़े अभिलेख सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उनका मानना है कि पारदर्शिता के अभाव में संदेह की स्थिति उत्पन्न होना स्वाभाविक है।

सूत्रों के हवाले से यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि बाहरी ठेकेदारों को बिना विधिवत अनुबंध एवं निविदा प्रक्रिया पूर्ण किए कार्य कराया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कार्य नियमों के अनुरूप है, तो संबंधित विभाग को स्थिति स्पष्ट कर जनमानस की शंकाओं का निवारण करना चाहिए।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग के अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनका फोन बंद आ रहा था, जिसके वजह से उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।






