संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत अगोरी खास के समीप रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चोपन की ओर जा रहे बाइक सवार को सामने से आ रही एक इनोवा कार ने कथित रूप से रॉन्ग साइड में आकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर तथा पैर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस व निजी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान श्रीधर यादव पुत्र स्वर्गीय राम निहोर यादव, निवासी अगोरी खास चौरा, थाना जुगैल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह किसी घरेलू कार्य से अपने घर से चोपन की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही जुगैल पुलिस सक्रिय हो गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त इनोवा वाहन को कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

दुर्घटना की खबर फैलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।





