@जे0 के0….

Sonbhadra। चुर्क मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 77 स्थित हेवती प्राथमिक विद्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि यह अभियान पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर वातावरण को शुद्ध एवं हरित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

डॉ. तिवारी ने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी माता के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका अतुलनीय है। इस अवसर पर रामनारायण, अवनीश पांडेय, शिव पासवान, नारायण पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





