@जे0 के0…….

Sonbhadra। सोनभद्र पुलिस ने मानव तस्करी एवं नाबालिग बालिका की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट तथा रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में वांछित आरोपी अमित कुमार निवासी अलीगढ़ को रेलवे स्टेशन सोनभद्र के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध मानव तस्करी, दुष्कर्म, पॉक्सो तथा एससी-एसटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
विवेचना एवं पीड़िता के न्यायालय में दर्ज बयानों से यह तथ्य सामने आया कि नाबालिग को कथित रूप से अवैध रूप से खरीदकर अलीगढ़ ले जाया गया और उसका जबरन विवाह कराया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अन्य सह अभियुक्तों और अपने पिता के साथ मिलकर लगभग 1.20 लाख रुपये में पीड़िता को खरीदकर अपने छोटे भाई से उसका विवाह कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
सीसीटीएनएस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अलीगढ़ के सासनीगेट थाने में वर्ष 2018 का दुष्कर्म एवं मारपीट का एक अन्य मुकदमा भी विचाराधीन है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।





