संवाददाता@अनिल अग्रहरी….

चोपन थाना क्षेत्र के परासपानी स्थित वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब गाजीपुर से सिंगरौली जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो चालक मनोज कुमार गुप्ता, पुत्र विजय गुप्ता, मूल निवासी जमनिया (गाजीपुर) एवं वर्तमान निवासी सिंगरौली (मध्य प्रदेश), अपने गांव के ही साथी संजय सिंह, पुत्र हंसलाल सिंह, के साथ गाजीपुर से सिंगरौली लौट रहे थे। दोपहर लगभग तीन बजे जब उनका वाहन परासपानी के समीप पहुंचा, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सड़क से उतरकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

दुर्घटना में किसी के हताहत न होने से सभी ने राहत की सांस ली। बाद में स्थानीय लोगों की सहायता से ट्रैक्टर के जरिए क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को खाई से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम करने तथा थकान या नींद महसूस होने पर वाहन रोककर आराम करने की अपील की है।





