@जे0 के0/@विशाल टंडन…..

Sonbhadra । उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के आरक्षण की मांग को लेकर संकल्प अभियान शुरू किया गया है। सोनभद्र समेत प्रदेश के कई जिलों में समाज के लोगों ने हाथ में गंगाजल लेकर आरक्षण की मांग पूरी कराने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और 30 नवंबर तक चलाने की बात कही है। अभियान के दौरान लोगों को निषाद आरक्षण के मुद्दे पर जागरूक किया जा रहा है।
आयोजकों के मुताबिक संकल्प लेने वाले लोगों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। दावा किया गया कि करीब 40 जिलों में अभियान की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले दिनों में इसे प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश साहनी ने कहा कि निषाद समाज ने गंगाजल हाथ में लेकर संकल्प लिया है कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण लागू नहीं हुआ तो चुनाव के समय वोट को लेकर समाज स्वयं निर्णय करेगा। उन्होंने कहा कि निषाद समाज लंबे समय से आरक्षण की मांग कर रहा है।

साहनी ने दावा किया कि देश के कुछ राज्यों में निषाद समाज से जुड़ी जातियों को अनुसूचित जाति आरक्षण का लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश में स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि समाज की मांगों पर सकारात्मक कदम उठाती तो संकल्प अभियान की जरूरत नहीं पड़ती। अभियान के जरिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई जा रही है।

साहनी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य निषाद समाज को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। अब 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के विस्तार और आरक्षण की मांग पर सरकार की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।

