मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..कुश्ती, हॉकी, बॉक्सिंग और बास्केटबाल में प्रतिभागियों के चयन के लिए होंगे ट्रायल

क्षेत्रीय खेल कार्यालय, विंध्याचल मंडल मीरजापुर के पत्र के अनुपालन में सोनभद्र में जिला एवं मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा संबंधित खेल संघों के समन्वय से आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने जानकारी दिया की निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सब जूनियर बालिका कुश्ती का जिला स्तरीय चयन 19 सितंबर को सुबह आठ बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा राबर्ट्सगंज में होगा। इसका मंडल स्तरीय ट्रायल 22 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, मिर्जापुर में होगा। जूनियर बालक कुश्ती का जिला स्तरीय ट्रायल भी 19 सितंबर को सुबह आठ बजे तियरा स्टेडियम में होगा, जबकि मंडल स्तरीय ट्रायल 24 सितंबर को मिर्जापुर में होगा।

इसी तरह सीनियर महिला हॉकी का जिला चयन 21 सितंबर को सुबह 10 बजे, सीनियर पुरुष बॉक्सिंग का चयन 21 सितंबर को सुबह 10 बजे, जूनियर बालिका हॉकी का चयन 22 सितंबर को सुबह 10 बजे, सब जूनियर बालक हॉकी का चयन 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे तथा सब जूनियर बालिका बास्केटबाल का चयन 22 सितंबर को दोपहर दो बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा में होगा।

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय ट्रायल मिर्जापुर में निर्धारित तिथियों पर कराया जाएगा। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र तथा निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर उपस्थित होना होगा। कुश्ती में सब जूनियर बालिका वर्ग के लिए वर्ष 2009 व 2010 में जन्मे खिलाड़ी तथा जूनियर बालक वर्ग में वर्ष 2006 व 2008 में जन्मे खिलाड़ी पात्र बताए गए हैं। हॉकी के लिए भी निर्धारित आयु सीमा के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय से इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

