संवाददाता@विशाल टंडन……
पॉलीहाउस, मातृ वृक्ष प्रक्षेत्र एवं वृक्षारोपण की तैयारियों का लिया जायजा, विभागीय योजनाओं पर जताया संतोष

गुरुवार को प्रदेश के राज्य मंत्री (समाज कल्याण) संजीव कुमार गोड ने लोढ़ी स्थित राजकीय पौधशाला एवं उद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में स्थापित पॉलीहाउस में तैयार किए जा रहे चिरौंजी, आम, अमरूद, नींबू, सहिजन सहित विभिन्न फलदार पौधों का अवलोकन किया तथा पौधों में कलम बांधने की प्रक्रिया को विस्तार से समझा। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आंवला, आम एवं अमरूद के मातृ वृक्ष प्रक्षेत्रों का भ्रमण कर उनके जीर्णोद्धार एवं रखरखाव की जानकारी प्राप्त की।

साथ ही वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पौधों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ली। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने मंत्री को पौधशाला की गतिविधियों, विभागीय योजनाओं तथा पौध उत्पादन संबंधी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विभाग गुणवत्तापूर्ण फलदार पौधों के उत्पादन एवं वितरण के साथ किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रहा है। इस अवसर पर 3 से 5 जुलाई 2026 तक लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव के उपलक्ष्य में मंत्री को आम की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री ने जनपद में संचालित उद्यान विभाग की योजनाओं, पौधशाला के रखरखाव एवं कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों की सराहना की।
इस अवसर पर रजत रमेश, उद्यान निरीक्षक सुरेश मिश्र, रंजीत कुमार यादव, सुनील कुमार, अभिनव कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





