@जे0 के0/@विशाल टंडन/@विष्णु कुशवाहा……

Sonbhadra । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सोमवार को सोनभद्र आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। हिंदुआवारी से भाजपा कार्यालय पुसौली तक लगभग दस किलोमीटर लंबे रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बढ़ौली चौक पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया तथा माल्यार्पण किया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत श्री चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने तथा जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आह्वान किया।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने अयोध्या राम मंदिर चंदा प्रकरण पर कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। “मुगलों ने मंदिर को लूटा और सनातनियों ने मंदिर बनाकर लूटा” संबंधी टिप्पणी पर उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का प्रयास किया जाएगा।

श्री चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकरण का आगामी चुनावों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रदेश संगठन के सामूहिक नेतृत्व में पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में फैलाए गए भ्रम को जनता अब समझ चुकी है और भविष्य में ऐसे दुष्प्रचार का असर नहीं होगा।






