संवाददाता@विशाल टंडन….
— विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को मिली टूलकिट, बढ़ेगा स्वरोजगार

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र में मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीन सहित सिलाई कार्य से संबंधित उपकरण उपलब्ध कराए गए। लाभार्थी सुनीता ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया था।
इसके बाद विभाग द्वारा सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया गया और अब उन्हें सिलाई मशीन प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पहले घर पर सीमित स्तर पर सिलाई का काम करती थीं, लेकिन अब टूलकिट मिलने से घर बैठे बेहतर ढंग से रोजगार कर सकेंगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। एक अन्य लाभार्थी सिंधु ने बताया कि उन्हें पहले से सिलाई का कार्य आता था, लेकिन प्रशिक्षण से नई तकनीकों की जानकारी मिली।
अब सिलाई मशीन मिलने के बाद वह गांव में स्वरोजगार शुरू करेंगी और अन्य महिलाओं को भी सिलाई कार्य के लिए प्रेरित करेंगी। उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत उद्योग विभाग द्वारा विभिन्न ट्रेडों के लाभार्थियों को प्रशिक्षण के साथ टूलकिट उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को सिलाई मशीन, कैंची, इलेक्ट्रिक प्रेस तथा सिलाई कार्य से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई है।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने गांव से ही रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें तथा दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।





