नई दिल्ली. वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट की चमचमाती दुनिया में कदम रखना और वहां अपनी पहचान बनाना किसी भी रेसलर के लिए एक सपने जैसा होता है. लेकिन इस रेस में महानता का असली पैमाना सिर्फ टाइटल जीतना नहीं, बल्कि सालों-साल रिंग में अपना दबदबा बनाए रखना है. बिना थके लगातार लाइव इवेंट्स, रॉ , स्मैकडाउन और पे-पर-व्यू मैचों में हिस्सा लेकर जीत का परचम लहराना लोहे के चने चबाने जैसा है. प्रो-रेसलिंग इतिहास के पन्नों को पलटें, तो कुछ ऐसे दिग्गज सामने आते हैं जिन्होंने रिंग को ही अपना घर बना लिया. आइए जानते हैं डब्ल्यूडब्ल्यूई इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले उन टॉप-5 दिग्गजों के बारे में, जिनकी जीत के आंकड़े आज भी नए रेसलर्स के लिए एक मिसाल हैं.
जब बात इन-रिंग रेसलिंग और तकनीकी कुशलता की आती है, तो कनाडा के महान रेसलर ब्रेट हार्ट (Bret Hart) का नाम सबसे पहले जुबान पर आता है. ‘द हिटमैन’ और ‘द एक्सीलेंस ऑफ एग्जीक्यूशन’ जैसे नामों से मशहूर ब्रेट हार्ट ने डब्ल्यूडब्ल्यूई के ‘न्यू जनरेशन एरा’ में उस समय कंपनी का भार अपने कंधों पर उठाया, जब बिजनेस एक बड़े बदलाव से गुजर रहा था. ब्रेट हार्ट की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वे अपने मैचों को अविश्वसनीय रूप से वास्तविक दिखाते थे. उनका सिग्नेचर सबमिशन मूव ‘शार्पशूटर’ रिंग में विरोधियों के लिए काल माना जाता था. उन्होंने अपने करियर में बिना थके लगातार हाउस शोज और लाइव इवेंट्स में हिस्सा लिया. साल के 365 दिनों में से अधिकांश दिन रिंग में पसीना बहाने का ही परिणाम है कि वे 1,882 जीतों के साथ इस ऐतिहासिक लिस्ट में सबसे शीर्ष पर काबिज हैं. उनका यह रिकॉर्ड बयां करता है कि वे क्यों प्रो-रेसलिंग इतिहास के सबसे बेहतरीन इन-रिंग परफॉर्मर माने जाते हैं.
WWE रिंग में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले 5 रेसलर.
द अंडरटेकर का तीन दशकों का खौफनाक और बेमिसाल सफर
रहस्य, खौफ और रिंग का अंधकार ये पहचान है ‘द फिनोम’ द अंडरटेकर की. अंडरटेकर का डब्ल्यूडब्लयूई करियर तीन दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा और उनके जैसा रहस्यमयी कैरेक्टर रेसलिंग इतिहास में न कभी हुआ है और न कभी होगा. जब भी हॉलैंड्स (घंटी) की आवाज गूंजती थी, तो बड़े से बड़े रेसलर के पसीने छूट जाते थे. अंडरटेकर ने न सिर्फ रेसलमेनिया (WrestleMania) में 21-0 की ऐतिहासिक और अजेय स्ट्रीक बनाई, बल्कि एटीट्यूड एरा से लेकर मॉडर्न एरा तक अपना खौफ बनाए रखा. उनके नाम दर्ज 1,836 जीत सिर्फ एक संख्या नहीं हैं, बल्कि यह उनके बेमिसाल समर्पण, कंपनी के प्रति वफादारी और रिंग के प्रति उनके अटूट प्यार की दास्तान हैं. बैकस्टेज लीडर के रूप में उन्होंने जो सम्मान कमाया, वही सम्मान उनकी जीत के आंकड़ों में भी झलकता है.
हसल, लॉयल्टी और रिस्पेक्ट का प्रतीक हैं जॉन सीना
मॉडर्न दौर के सबसे बड़े आइकन और ग्लोबल सेंसेशन जॉन सीना ने डब्ल्यूडब्ल्यूई को जो पहचान दी, उसकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती. 16 बार के इस वर्ल्ड चैंपियन ने ‘हसल, लॉयल्टी, रिस्पेक्ट’ के अपने मूल मंत्र को सिर्फ बोला नहीं, बल्कि उसे जीकर दिखाया. लगभग दो दशकों तक वे कंपनी के मुख्य चेहरे के रूप में राज करते रहे. जॉन सीना को बच्चों और परिवारों के बीच बेहद पसंद किया गया. जब भी कंपनी को किसी बड़े लाइव इवेंट को प्रमोट करना होता था, सीना हमेशा सबसे आगे खड़े मिलते थे. उन्होंने वीकेंड हाउस शोज से लेकर मुख्य टेलीविज़न शोज़ तक में लगातार मैच जीते. उनकी 1,786 जीत इस बात का सबूत हैं कि उन्होंने कभी भी आराम को तवज्जो नहीं दी और हमेशा फैंस का मनोरंजन करने के लिए तत्पर रहे.
गोल्डन एरा के अनसंग हीरो टीटो सांटाना
डब्लू डब्लू ई इतिहास की इस सूची में हॉल ऑफ फेमर टीटो सांटाना का नाम कई नए फैंस को चौंका सकता है, लेकिन वे इस लिस्ट के सबसे सम्मानित और वफादार नाम हैं. 80 और 90 के दशक के ‘गोल्डन एरा’ के दौरान जब हल्क होगन जैसे सितारे सुर्खियां बटोर रहे थे, तब सांटाना पर्दे के पीछे से कंपनी की रीढ़ की हड्डी बने हुए थे. टीटो सांटाना WWE के सबसे भरोसेमंद और लगातार परफॉर्म करने वाले बेबीफेस (पॉजिटिव कैरेक्टर) रेसलर्स में से एक थे. वे पूर्व इंटरकांटिनेंटल और टैग टीम चैंपियन रहे. उनकी महानता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे साल के 300 से अधिक दिन लाइव इवेंट्स में मैच खेला करते थे. इसी अथक परिश्रम की बदौलत वे 1,783 जीतों के साथ जॉन सीना के बेहद करीब चौथे स्थान पर मजबूती से खड़े हैं.
हल्क होगन के ‘हल्कमैनिया’ का दौर और अजेय साम्राज्य
इस सूची को ‘हल्कमैनिया’ के जनक हल्क होगन के बिना कभी पूरा नहीं किया जा सकता. होगन वो शख्सियत हैं जिन्होंने 80 के दशक में प्रो-रेसलिंग को केवल एक खेल न रखकर अमेरिका समेत दुनिया भर के घरों में एक मुख्यधारा का पॉप-कल्चर बना दिया. पीले और लाल रंग के गियर में उनका दमदार फिजीक, सिग्नेचर ‘लेग ड्रॉप’ और गजब के प्रोमोज फैंस को दीवाना बना देते थे. होगन अपने दौर में एक ऐसे सुपरहीरो की तरह बुक किए जाते थे, जो रिंग में शायद ही कभी क्लीन (साफ-सुथरे तरीके से) हारते थे. सालों तक अजेय रहने के कारण उनके खाते में 1,574 जीत दर्ज हुईं. भले ही वे मैचों की संख्या में ब्रेट हार्ट या सीना से पीछे हों, लेकिन उनकी जीतों के प्रभाव ने ही डब्ल्यूडब्ल्यूई को एक छोटे बिजनेस से आज एक ग्लोबल स्पोर्ट्स एंटरटेनमेंट एम्पायर में बदलने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी.






