नई दिल्ली. इंटरनेशनल फुटबॉल का एक शानदार, जादुई और बेहद अमीर सफर आखिरकार थम गया है. ब्राजील के महान फुटबॉलर नेमार जूनियर ने अपने 16 साल लंबे इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है. इस विदाई का मंच बना न्यूयॉर्क का मेटलाइफ स्टेडियम, जहां फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे ने ब्राजील को एक चौंकाने वाली शिकस्त दी. इत्तेफाक देखिए, इसी मैदान पर साल 2010 में नेमार ने अमेरिका के खिलाफ एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. अपने पहले और आखिरी, दोनों ही ऐतिहासिक मैचों में नेमार ने गोल दागा, लेकिन आखिरी मैच की कड़वी हार के साथ ही ब्राजीली फुटबॉल के एक सुनहरे युग का अंत हो गया. नेमार सिर्फ मैदान पर अपनी ड्रिब्लिंग और स्किल के लिए ही नहीं जाने जाते, बल्कि वह दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों में से एक हैं. उनकी नेटवर्थ चार हजार करोड़ से ज्यादा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2026 तक आते-आते नेमार की कुल नेटवर्थ लगभग 450 मिलियन डॉलर (करीब 4285 करोड़ रुपये) आंकी गई है, जबकि उनकी ग्रॉस इनकम 700 मिलियन डॉलर से भी ऊपर पहुंच चुकी है. इस भारी-भरकम नेटवर्थ को अपनी ढाल बनाकर विदा होने वाले नेमार ने ब्राजील के लिए 130 मैचों में 80 गोल किए. इसके साथ ही वह पेले, रोनाल्डो और रोनाल्डिन्हो जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़कर ब्राजील के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में रिटायर हुए हैं.
फुटबॉलर नेमार जूनियर की नेटवर्थ 4285 करोड़ है.
चोटों से संघर्ष और आखिरी वर्ल्ड कप का सफर
हालांकि, उनके करियर का आखिरी दौर चोटों से बुरी तरह प्रभावित रहा. 2026 के इस वर्ल्ड कप में भी वह काफ इंजरी (पिंडली की चोट) के साथ आए थे, जिसके चलते वह पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 38 मिनट ही मैदान पर बिता सके. वह मोरक्को और हैती के खिलाफ शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए. इसके बाद स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में 76वें मिनट में वह विकल्प के तौर पर मैदान में उतरे. राउंड ऑफ 32 में जापान के खिलाफ मैच में वह पूरे समय बेंच पर ही बैठे रहे. आखिरकार, नॉर्वे के खिलाफ नॉकआउट मैच में कोच कार्लो एंसेलोटी ने उन्हें 66वें मिनट में गेब्रियल मार्टिनेली की जगह मैदान पर भेजा. नेमार ने पेनल्टी को गोल में बदलकर अपना दम तो दिखाया, लेकिन तब तक नॉर्वे मैच को ब्राजील की पहुंच से दूर ले जा चुका था.
हाई-प्रोफाइल ट्रांसफर और बेहिसाब दौलत की नींव
मैदान पर चोटों के संघर्ष के बावजूद फुटबॉल की दुनिया में नेमार का वित्तीय रूतबा हमेशा आसमान छूता रहा. उनकी इस बेहिसाब दौलत की नींव सैंटोस, बार्सिलोना, पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) और अल हिलाल जैसे क्लबों के बीच हुए हाई-प्रोफाइल ट्रांसफर, महंगे कॉन्ट्रैक्ट्स, इमेज राइट्स और बड़े ब्रैंड एंडोर्समेंट्स से पड़ी.
बार्सिलोना का ‘M-S-N’ ट्रियो और ऐतिहासिक सफलताएं
नेमार पहली बार 2009 से 2013 के बीच ब्राजीली क्लब सैंटोस के लिए खेलते हुए सुर्खियों में आए थे. लेकिन उनके बैंक बैलेंस में असली उछाल साल 2013 में आया, जब स्पेनिश दिग्गज बार्सिलोना ने उन्हें तत्कालीन 57 मिलियन यूरो (लगभग 65.14 मिलियन डॉलर) की भारी-भरकम फीस पर अपने साथ जोड़ा. बार्सिलोना में उन्होंने लियोनेल मेस्सी और लुइस सुआरेज के साथ मिलकर दुनिया की सबसे खतरनाक फॉरवर्ड लाइन ‘M-S-N’ बनाई. इस तिकड़ी के दम पर बार्सिलोना ने ला लीगा, कोपा डेल रे और यूईएफए चैंपियंस लीग जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए.
पीएसजी और अल-हिलाल के साथ मेगा डील्स
इसके बाद 2017 में नेमार ने फुटबॉल इतिहास के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. पीएसजी ने उन्हें रिकॉर्ड 264 मिलियन डॉलर की ट्रांसफर फीस देकर अपनी टीम में शामिल किया, जो उस समय फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी डील थी. पीएसजी में छह सीजन बिताने के बाद, नेमार ने सऊदी अरब का रुख किया और अल-हिलाल क्लब के साथ दो साल का करार किया, जिसने उन्हें 300 मिलियन डॉलर की कमाई की गारंटी दी. फोर्ब्स की एक रिपोर्ट बताती है कि केवल मई 2022 से अप्रैल 2023 के बीच ही नेमार ने करीब 85 मिलियन डॉलर कमाए थे, जिसमें 50 मिलियन डॉलर उनकी पीएसजी की सैलरी थी और 35 मिलियन डॉलर मैदान से बाहर विज्ञापनों से हुई कमाई थी.
मैदान के बाहर ब्रैंड एंडोर्समेंट्स से मोटी कमाई
फुटबॉल पिच से मिलने वाली सैलरी के अलावा, नेमार की कमाई का एक बहुत बड़ा हिस्सा ब्रैंड्स से आता है. वह प्यूमा , रेड बुल, बीट्स बाय ड्रे, ब्लेज कैसीनो, पोकरस्टार्स, रिप्ले जींस और ट्रू फ्रैग्रेंस जैसे वैश्विक ब्रैंड्स का चेहरा रहे हैं. याहू स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अकेले प्यूमा के साथ उनकी डील से उन्हें हर साल लगभग 30 मिलियन डॉलर की कमाई होती है.
बिजनेस और डिजिटल दुनिया में दबदबा
नेमार सिर्फ एक एथलीट नहीं, बल्कि एक चतुर बिजनेसमैन भी हैं. उन्होंने रियल एस्टेट, ई-स्पोर्ट्स, डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल ब्रैंड्स में भारी निवेश किया है. डिजिटल दुनिया में भी उनका दबदबा है, जिसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 6 जुलाई 2026 तक उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 8.56 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हो चुके थे.
1 मिलियन डॉलर की घड़ी और राजसी शौक
अपनी इसी रईसी और शौक की एक बानगी उन्होंने वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी दिखाई, जब ब्राजील के अभियान के बीच ही उन्होंने जैकब एंड कंपनी की ‘एस्ट्रोनोमिया ड्रैगन एंड टाइगर’ घड़ी अपने कलेक्शन में शामिल की. व्हाइट गोल्ड और 286 बेशकीमती हीरों से जड़ी इस घड़ी की कीमत करीब 1 मिलियन डॉलर (लगभग 8.3 करोड़ रुपये) है.






