Last Updated:
Belgium ends the USA’s World Cup dream: घरेलू मैदान पर अमेरिका का विश्व कप जीतने का सपना तब टूट गया, जब राउंड ऑफ 16 में बेल्जियम ने उसे 4-1 से करारी शिकस्त दी. चार्ल्स डि केटलाएरे के दो शानदार गोल और एक असिस्ट ने अमेरिकी डिफेंस की पोल खोल दी. हालांकि, मलिक टिलमैन ने फ्री-किक से गोल कर मैच को बराबरी पर लाया था, लेकिन गोलकीपर मैट फ्रीज की बड़ी चूक और स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियन पुलिसिक की चोट ने अमेरिका की मुश्किलें बढ़ा दीं. इस हार के साथ ही मेजबान देश टूर्नामेंट से बाहर हो गया.
बेल्जियम ने अमेरिका को हराकर किया वर्ल्ड कप से बाहर.
नई दिल्ली. घरेलू सरजमीं पर फीफा विश्व कप में एक लंबा और ऐतिहासिक सफर तय करने की संयुक्त राज्य अमेरिका की उम्मीदें उस समय चकनाचूर हो गईं, जब बेल्जियम ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में उसे 4-1 से करारी शिकस्त दी. इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में सह-मेजबान अमेरिका का सफर समाप्त हो गयाण. बेल्जियम की इस शानदार जीत के सबसे बड़े नायक चार्ल्स डि केटलाएरे रहे, जिन्होंने न सिर्फ दो बेहतरीन गोल दागे बल्कि एक अन्य गोल में शानदार असिस्ट भी किया. बेल्जियम ने इस मैच में अमेरिकी डिफेंस की कमजोरियों को पूरी तरह उजागर कर दिया और शान से क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
मैच की शुरुआत से ही बेल्जियम ने आक्रामक रुख अपनाया. जेरेमी डोकू और केविन डी ब्रूएन जैसे दिग्गज सितारों को बेंच पर रखने के बावजूद बेल्जियम ने अमेरिकी डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा मैच के 8वें मिनट में ही डोडी लुकेबाकियो ने एक लंबा डायगोनल पास दिया. लिएंड्रो ट्रौसार्ड ने गेंद को नियंत्रित किया और उनका क्रॉस एलेक्स फ्रीमन से टकराकर हवा में उछल गया. फ्रीमन ने गेंद को पेनाल्टी एरिया की तरफ हेडर से क्लियर करना चाहा, लेकिन टिमोथी कास्टाने ने तेजी से दौड़ते हुए क्रिस रिचर्ड्स के पास से सेंटर पास दिया. यहां चार्ल्स डि केटलाएरे ने टिम रीम और एंटोनी रॉबिन्सन के बीच से निकलते हुए दाएं पैर से गेंद को नेट में डाल दिया. इस टूर्नामेंट में यह पहला मौका था जब अमेरिकी टीम को पहले गोल पर पिछड़ना पड़ा.
बेल्जियम ने अमेरिका को हराकर किया वर्ल्ड कप से बाहर.
इसके बाद, मैच के 31वें मिनट में ल्युमेन फील्ड पर मौजूद 66,925 दर्शकों की भारी भीड़ में उस समय उत्साह की लहर दौड़ गई जब मलिक टिलमैन ने बेहतरीन फ्री-किक के जरिए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. ब्रैंडन मेचेले ने अमेरिकी फॉरवर्ड फोलारिन बालोगुन (जिनका एक मैच का रेड-कार्ड निलंबन फीफा द्वारा विवादास्पद रूप से हटा दिया गया था) को गोल से करीब 25 गज की दूरी पर गिरा दिया था. टिलमैन की किक बेल्जियम के हैंस वनाकेन के सिर से टकराकर गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ को छकाते हुए नेट में जा घुसी.
अमेरिकी डिफेंस की गलतियां और कोच की हताशा
अमेरिकी प्रशंसकों की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। बराबरी का गोल खाने के महज 61 सेकंड बाद ही अमेरिकी डिफेंस ने फिर से गलती कर दी. ट्रौसार्ड ने अमेरिकी डिफेंडर सर्जिनो डेस्ट को छकाते हुए एक सटीक क्रॉस दिया, जिस पर डि केटलाएरे ने टिम रीम से ऊपर उछलकर एक शानदार हेडर लगाया और मैच में अपना दूसरा और अंतरराष्ट्रीय करियर का 8वां गोल दागकर बेल्जियम को 2-1 से आगे कर दिया. अपनी टीम की इस बचकानी गलती पर अमेरिकी कोच मौरिसियो पोचेटिनो बेहद गुस्से में दिखे। उन्होंने बेंच के सामने रखे वाटर-बॉटल रैक पर लात मारी, जिससे चार बोतलें हवा में उड़ गईं.
मैच का टर्निंग पॉइंट
हाफ-टाइम के बाद, दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में अमेरिकी गोलकीपर मैट फ्रीज की एक बड़ी चूक ने अमेरिका की बची-कुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया. 57वें मिनट में ब्रैंडन मेचेले ने एक लंबी गेंद लॉफ्ट की। फ्रीज ने दो टप्पे खाने के बाद गेंद को छाती से रोका, लेकिन वह गेंद को तुरंत क्लियर करने में हिचकिचा गए. बेल्जियम के खिलाड़ियों ने उन पर दबाव बनाया और फ्रीज की किक सीधे डि केटलाएरे से जा टकराई.इसके बाद हैंस वनाकेन ने 35 गज की दूरी से वन-टच शॉट लगाया, जो टिम रीम से विक्षेपित (deflect) होकर गोल पोस्ट में समा गया. बेल्जियम अब 3-1 से आगे था.
पुलिसिक की चोट और लुकाकू का आखिरी प्रहार
अमेरिका के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. टीम के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियन पुलिसिक 52वें मिनट में गोल करने के प्रयास के दौरान बेल्जियम के कप्तान यूरी टिलेमैन्स के बूट से टकराकर अपने दाहिने पैर को चोटिल कर बैठे. वह मैदान पर लड़खड़ाते हुए दिखे और आखिरकार 7 मिनट बाद उन्हें मजबूरन सबस्टीट्यूट होना पड़ा. कप्तान पुलिसिक असहाय होकर बेंच से टीम को हारते हुए देखते रहे. मैच के अंतिम पलों में, 67वें मिनट में मैदान पर आए अनुभवी स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने बेल्जियम की जीत पर अंतिम मुहर लगा दी. इंजरी टाइम (93वें मिनट) में बेल्जियम के खिलाड़ियों ने क्रिस रिचर्ड्स से गेंद छीनी और लुकाकू को पास दिया, जिन्होंने बिना कोई गलती किए गेंद को नेट में पहुंचाकर स्कोर 4-1 कर दिया.
बेल्जियम ने बरकरार रखा 18 मैचों का अजेय क्रम
इस जीत के साथ ही बेल्जियम ने लगातार 18 मैचों के अपने अजेय क्रम को बरकरार रखा है. पिछले 12 वर्षों में यह दूसरी बार है जब बेल्जियम ने अमेरिका को विश्व कप के राउंड ऑफ 16 से बाहर किया है. अब शुक्रवार को कैलिफोर्निया के इंगलवुड में बेल्जियम का मुकाबला 2010 के चैंपियन स्पेन से होगा.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें






