ग्रामीण संवाददाता@विष्णु कुशवाहा……

आदर्श नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या-22 स्थित छोटी पुसौली में डॉक्टर बेचन के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले दो दिनों से जला होने के कारण करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली गुल रहने से क्षेत्र के लोगों को पेयजल सहित कई आवश्यक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी मनोज ने बताया कि शनिवार से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, लेकिन अब तक उसे बदला नहीं गया है और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। बिजली नहीं होने से घरों में पानी की मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे लोगों को दूर-दराज से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों बृजनंदन, मनोज दुबे, अरुणानंद पांडे, विनोद, लक्ष्मण, धर्मेंद्र सिंह, राकेश और रविंद्र समेत अन्य लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में लगातार बिजली बाधित रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जले हुए ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।





