संवाददाता@विशाल टंडन……

मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को महिला थाना रॉबर्ट्सगंज स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। महिला थाना प्रभारी सविता सरोज की अध्यक्षता में आयोजित काउंसलिंग सत्र में कुल सात प्रकरणों पर दोनों पक्षों को बुलाकर विस्तृत सुनवाई और परामर्श किया गया।काउंसलिंग के बाद तीन मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके बाद सुलह-समझौता कराकर परिवारों को साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं चार अन्य मामलों में आवश्यक परामर्श देने के बाद अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई। महिला थाना पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से नियमित रूप से काउंसलिंग की जा रही है, ताकि न्यायालय जाने से पहले आपसी संवाद से विवादों का समाधान हो सके।





