@जे0 के0…..

Sonbhadra । पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना शक्तिनगर का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, अपराध रजिस्टर, मालखाना, सीसीटीएनएस प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति कक्ष, महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला एवं बालिका संबंधी मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

एसपी ने थाना मेस और बैरक का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पुलिस कर्मियों की आवासीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनकी कार्यशैली, अनुशासन और पुलिस कार्यों की जानकारी ली तथा जनता के प्रति शालीन व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने की सीख दी।
उन्होंने 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग कर समयबद्ध और निष्पक्ष विवेचना पूरी करने, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा न्यायालय संबंधी कार्यों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को साफा, टार्च एवं सीटी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उनसे अपने क्षेत्रों की संदिग्ध गतिविधियों एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना शक्तिनगर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और सुरक्षा का भाव और मजबूत हो।





