संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….
— मंदिर परिसर के पास तालाब में फेंका जा रहा अपशिष्ट, राहगीरों को हो रही परेशानी

म्योरपुर हनुमान मंदिर के पास में प्रत्येक शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में मुर्गा विक्रेताओं द्वारा फैलाई जा रही गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि बाजार समाप्त होने के बाद दुकानदार मुर्गों और मछलियों का अपशिष्ट सड़क किनारे तथा मंदिर परिसर से सटे तालाब में फेंककर चले जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दर्जनों की संख्या में लगने वाली मुर्गा दुकानों से निकलने वाला कचरा पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलाता है। इससे राहगीरों, श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तालाब में लगातार गंदगी फेंके जाने से जल प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मुर्गा दुकानों को मंदिर परिसर और तालाब के समीप से हटाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।





