संवाददाता@विजय अग्रहरी….

अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन की सोनभद्र जिला कमेटी की ओर से बुधवार को मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बीडीओ नितिन कुमार को सौंपा गया। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम और सचिव बच्चालाल के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में मजदूरों के हित में कई मांगें उठाई गईं।

ज्ञापन में मनरेगा को बहाल करने, वीबी रामजी को वापस लेने तथा ग्रामीण मजदूरों को वर्ष में 200 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई। मजदूरी की दर बढ़ाकर 700 रुपये प्रतिदिन करने और मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक किए जाने की मांग भी रखी गई। भूमिहीन मजदूरों को आवास और खेती के लिए भूमि आवंटित करने तथा सभी गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने और नियमित मासिक भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। दुर्घटना में भूमिहीन ग्रामीण मजदूर की मृत्यु होने पर 25 लाख और घायल होने पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई गई।

राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 10 किलो खाद्यान्न के साथ चीनी, दाल, साबुन, नमक और तेल मुफ्त देने, 300 यूनिट बिजली मुफ्त करने तथा बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग की गई। समायोजन के नाम पर बंद किए जा रहे प्राथमिक विद्यालयों को खोलने, शिक्षकों की भर्ती, ग्रामीण मजदूरों को मुफ्त इलाज और स्नातक तक मुफ्त शिक्षा की गारंटी देने की मांग भी शामिल रही। महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराधों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान किसान नेता महेंद्र सिंह, बाबूलाल, श्याम नारायण मौर्य और किसान सभा संयोजक प्रेमनाथ मौजूद रहे।