मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर महिलाओं और बच्चों को पोषण के प्रति किया जागरूक

राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को रॉबर्ट्सगंज नगर के न्यू कॉलोनी स्थित शिवाजी मिनी स्टेडियम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और परिवारों को संतुलित आहार, पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष पुष्पा सिंह, महामंत्री प्रमिला तिवारी, महिला समाज कल्याण विभाग की नीतू सिंह, सभासद नेहा सोनी तथा आंगनवाड़ी अध्यक्ष प्रतिमा सिंह सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मौजूदगी रही।
इस दौरान ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक बाल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने पर जोर दिया गया। महिलाओं को बच्चों के लिए पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण आहार उपलब्ध कराने, पर्याप्त प्रोटीन लेने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बाल विकास के लिए प्रारंभिक देखभाल एवं शिक्षा, स्वस्थ जीवनशैली तथा पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने की जानकारी दी गई। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने समुदाय की सहभागिता से पोषण के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस मौके पर शकुंतला सिंह, वृंदा वर्मा, ज्ञानवती समेत बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय पोषण माह को जनभागीदारी के साथ जन-आंदोलन का स्वरूप देने का संदेश दिया गया।
