Last Updated:
Sarvesh Kushare broke high jump national record: सर्वेश कुशारे ने हाई जंप में इतिहास रचते हुए नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. भुवनेश्वर में जारी 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सर्वेश ने तेजस्विन शंकर के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ते हुए आगामी एशियन गेम्स का टिकट भी पक्का कर लिया.
सर्वेश कुशारे हाई जंप में बनाया नेशनल रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में 27 जून का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है. भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में चल रही 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महाराष्ट्र के 31 वर्षीय स्टार एथलीट सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप (ऊंची कूद) में नया महारिकॉर्ड कायम कर दिया है. सर्वेश ने 2.31 मीटर की ऊंचाई को छूते हुए न सिर्फ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, बल्कि तेजस्विन शंकर के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया. इस ऐतिहासिक छलांग के साथ ही सर्वेश ने साल 2026 में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लिया है.
तीसरी कोशिश में रचा इतिहास, तोड़ा रिकॉर्ड
कलिंगा स्टेडियम में शनिवार की शाम सर्वेश कुशारे के नाम रही. वह पूरे कॉम्पिटिशन के दौरान बेहतरीन लय में दिखे. उन्होंने अपनी तीसरी कोशिश में 2.31 मीटर की रिकॉर्ड-तोड़ ऊंचाई को छूकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. इससे पहले यह नेशनल रिकॉर्ड तेजस्विन शंकर के नाम था, जिन्होंने अप्रैल 2018 में 2.29 मीटर की कूद लगाई थी. रिकॉर्ड बनाने के बाद सर्वेश ने 2.35 मीटर के लिए भी प्रयास किया, लेकिन उसमें वे सफल नहीं हो पाए. हालांकि, तब तक वह एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के एशियन गेम्स क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड को आसानी से पार कर चुके थे.






