संवाददाता@विशाल टंडन……
— चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा

सदर तहसील रॉबर्ट्सगंज में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और मनमानी कार्यशैली के विरोध में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रॉबर्ट्सगंज को ज्ञापन सौंपा।डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि तहसील में कई वादों का निस्तारण संबंधित पक्षों और अधिवक्ताओं को समुचित अवसर दिए बिना किया जा रहा है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने आरोप लगाया कि विजयगढ़ के नायब तहसीलदार द्वारा वादों का त्वरित एवं मनमाने ढंग से निस्तारण किया जा रहा है, जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में अवैध धनराशि लेकर प्रकरणों के निस्तारण किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता तथा वादकारियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार और अनावश्यक विलंब की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे न्यायिक एवं राजस्व व्यवस्था की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो रहा है। ज्ञापन में प्रशासन से तहसील रॉबर्ट्सगंज में न्यायिक एवं राजस्व कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, प्रत्येक पक्ष को निष्पक्ष सुनवाई का अवसर देने तथा भ्रष्टाचार एवं मनमानी पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता समुदाय जनहित एवं न्यायहित में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में कामता प्रसाद यादव, राजेश यादव, पवन कुमार सिंह, सुरेश सिंह कुशवाहा, टीटू प्रसाद गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, राजकुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, शाहनवाज आलम खान, रविंद्र पटेल, राकेश सिंह पटेल, रोशन खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।





