कानपुर के काकादेव में व्यापारी अमित गुप्ता की हत्या में फरार हिस्ट्रीशीटर संजय सिंह उर्फ संजय ढाबा को पुलिस ने पनकी में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने तमंचा और बाइक बरामद की। संजय पर 56 मुकदमे दर्ज हैं।

कानपुर में कारोबारी के हत्यारोपी का हाफ एनकाउंटर
कानपुर के काकादेव में व्यापारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर संजय सिंह चौहान उर्फ संजय ढाबा को पुलिस ने रविवार को पनकी से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और बाइक बरामद की। संजय पर 56 मुकदमे दर्ज हैं। नवीन नगर निवासी व्यापारी अमित कुमार गुप्ता की ओम चौराहा के पास मार्केट है। आरोप है कि पांच सितंबर की रात को मार्केट के पास हिस्ट्रीशीटर संजय सिंह उर्फ संजय ढाबा अपने साथियों के साथ नशेबाजी कर रहा था। इस दौरान आरोपित ओम चौराहा के पास सड़क पर पेशाब कर रहा था। विरोध करने पर हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी को पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसके बाद दोनों पैरों पर कार चढ़ाकर भाग निकले। अस्पताल में इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई थी।
एनकाउंटर में दोनों पैर में लगी गोली
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगी थीं। मुखबिर से सूचना मिली कि संजय सिंह उर्फ संजय ढाबा बाइक से शहर आ रहा है। इस पर टीम ने हिस्ट्रीशीटर को सचेंडी पनकी बार्डर स्थित कपली गांव के पास पकड़ने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। जबावी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर के दोनों पैर में गोली लगने से वह बाइक समेत गिर पड़ा। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर को पकड़ प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। हत्या में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश हो रही है।
गैंग को पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष का संरक्षण
गिरफ्तार शातिर अपराधी संजय ढाबा ने पुलिस पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे किए। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अवनीश दीक्षित के कहने पर संजय ढाबा ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल किया था। संजय ढाबा गैंग को अवनीश दीक्षित गैंग का संरक्षण मिला हुआ है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हत्या के मामले में अवनीश दीक्षित के संरक्षण को केस डायरी का हिस्सा बनाया जाएगा। इससे पहले शातिर संजय ढाबा पुलिस से बचने के लिए गुडगांव, मध्यप्रदेश, आगरा और फरीदाबाद में शरण ले रहा था। वह लगातार सरेंडर करने की फिराक में था।
अमित के परिजनों से मिले विधायक
कारोबारी अमित कुमार गुप्ता की हत्या के बाद रविवार को आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई काकादेव स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं, अमिताभ ने कहा कि पांडुनगर चौकी से करीब 300 मीटर दूर बीच सड़क पर कारोबारी की करीब 30 मिनट तक पीट पीटकर हत्या कर दी गई और पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई। इस दौरान सपा नेता सम्राट विकास यादव, नीरज सिंह, कृष्णा शर्मा, वीरेंद्र त्रिपाठी, वरुण जायसवाल, विकास कनौजिया, चेतन पांडेय मौजूद रहे।


