संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित हिंडालको कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आइसक्रीम लेने के दौरान पहली मंजिल से गिरने से हिंडालको के एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल कर्मचारी को तत्काल हिंडालको चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्रनाथ यादव हिंडालको कंपनी में क्रेन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार दोपहर कॉलोनी में एक आइसक्रीम विक्रेता आया था। बताया जाता है कि सुरेंद्रनाथ यादव अपने प्रथम तल स्थित आवास से ही नीचे खड़े आइसक्रीम विक्रेता से आइसक्रीम लेने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वह रेलिंग से झुककर आइसक्रीम लेने लगे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़े।
अचानक हुई इस घटना को देखकर आसपास के लोग घबरा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर हिंडालको चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में उनका कमर व एक पैर फ्रैक्चर हो गया है तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

गुरुवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग भी इस हादसे को लेकर हैरानी जता रहे हैं और ऊंचाई वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।





