संवाददाता@संजय सिंह…..

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 क्विंटल 42 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा, दो कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 01 करोड़ रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार 24 जून 2026 को थाना चोपन पुलिस मीतापुर क्षेत्र में ड्यूटी पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो कारों में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर चोपन की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर थाना चोपन पुलिस, चौकी डाला पुलिस और एसओजी टीम ने चोपन बैरियर पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर दो संदिग्ध कारें दिखाई दीं। पुलिस को देखकर चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर सलखन क्षेत्र में गांधी आश्रम के सामने दोनों वाहनों को रोक लिया।

तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से पांच प्लास्टिक की बोरियों में रखा 01 क्विंटल 42 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त
मो. जावेद पुत्र मो. अमीन खां, निवासी बरगदी मगठ, थाना बक्सी का तालाब, जनपद लखनऊ, अनुज कुमार मौर्य पुत्र रामसरोहन मौर्य, निवासी टिकरा, थाना गुरुबक्शगंज, जनपद रायबरेली।
वहीं एक अन्य आरोपी ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश निवासी रायबरेली पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है।
उड़ीसा से लाकर यूपी में करते थे सप्लाई, पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करते थे। तस्करी के लिए वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था और वाहन मालिकों को किराया दिया जाता था।
बरामदगी के आधार पर थाना चोपन में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता, प्रभारी एसओजी नागेश कुमार सिंह सहित थाना चोपन व एसओजी टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।





