संवाददाता@विजय अग्रहरी…..

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खड़ेहरा गांव में शनिवार देर रात खेत में सिंचाई करने गए अधेड़ किसान की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
खड़ेहरा गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद (45) पुत्र गिरजा बीती रात खेत में सिंचाई करने गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिजन खेत पर उनकी तलाश में पहुंचे। वहां चंद्रिका प्रसाद विद्युत करंट की चपेट में आने से अचेत अवस्था में पड़े मिले।

परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी साधन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि मृतक के दो अविवाहित पुत्र और एक विवाहिता पुत्री है।
घटना की सूचना मृतक के भतीजे शिवदास पुत्र कृष्ण गोपाल ने घोरावल कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की पुष्टि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने करते हुए बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है।