संवाददाता@आनंद गुप्ता…..

स्थानीय खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के नौवें दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन का सबसे बड़ा आकर्षण बभनी के बल्लेबाज जमाल रहे, जिन्होंने महज 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के जड़कर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।
पहले मुकाबले में पुनर्वास कॉलोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 8 ओवरों में टीम 6 विकेट के नुकसान पर केवल 51 रन ही बना सकी। पुनर्वास कॉलोनी के बल्लेबाज बभनी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए।
52 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बभनी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। बल्लेबाज जमाल ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए मात्र 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्कों की मदद से 36 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर बभनी ने सिर्फ 3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीत लिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए जमाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में आरसीसी रामनगर दुद्धी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 102 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सूरज ने 7 गेंदों पर 25 रन, अनमोल ने 6 गेंदों पर 22 रन तथा सुमित ने 5 गेंदों पर 18 रन की तेजतर्रार पारियां खेलीं।

103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बभनी की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 8 ओवरों में 3 विकेट खोकर 97 रन ही बना सकी। इस प्रकार आरसीसी रामनगर दुद्धी ने रोमांचक मुकाबले में 7 रन से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। रामनगर की जीत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अनमोल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुकाबलों में अंपायर की भूमिका जसवंत कुमार एवं आर्यन उर्फ विक्की ने निभाई। स्कोरिंग की जिम्मेदारी आयुष ने संभाली, जबकि अभिरंजन और विकास ने कमेंट्री कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।





