@जे0 के0/@संजय सिंह…..
— बभनी, एसओजी और दुद्धी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एक बदमाश घायल, दूसरा फरार

Sonbhadra । पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार तड़के बभनी थाना पुलिस, एसओजी एवं दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। संयुक्त टीम ने ₹25 हजार के इनामी बदमाश पंकज साह को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद माल की कुल कीमत लगभग ₹62,22,500 आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को बभनी थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी कल्लेश्वर कुमार से बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। इस संबंध में थाना बभनी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि दो अन्य आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था।

सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बभनी क्षेत्र के शिशटोला जंगल के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। बारिश के कारण दोनों फिसलकर गिर गए और भागते समय पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पंकज साह पुत्र पुरुषोत्तम साह निवासी धुरीटोला, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिरफ्तार हो गया। उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूट के बाद आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 225 ग्राम सोना, 12.5 किलो चांदी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाता-बही, बिल पुस्तिकाएं, इलेक्ट्रिक मशीन, अन्य सामान तथा नकदी बरामद की। बरामद सोने की कीमत करीब ₹32.85 लाख, चांदी की कीमत ₹29.37 लाख तथा अन्य सामान सहित कुल बरामदगी ₹62.22 लाख आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस और टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर सोनभद्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।






